हीरो मोटोकॉर्प (Hero MotoCorp) ने इंडिया में अपनी पॉपुलर बाइक करिज्मा XMR 210 (Karizma XMR 210) के दो नए और भी शानदार वेरिएंट लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी ने 2025 मॉडल ईयर के अपडेट के तौर पर इस बाइक में कुछ मैकेनिकल और फीचर अपग्रेड किए हैं। अब इसमें एक नया टॉप वेरिएंट और एक रेंज-टॉपिंग कॉम्बैट एडिशन भी शामिल हो गया है। इनकी एक्स-शोरूम कीमतें क्रमशः ₹2 लाख और ₹2.02 लाख तय की गई हैं। वहीं, जो बेस वेरिएंट है, उसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹1.81 लाख है।
Karizma XMR 210 features
नई 2025 करिज्मा XMR में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन के साथ एक नया TFT कलर डिस्प्ले दिया गया है। इस डिस्प्ले पर राइडर्स को कॉल और SMS अलर्ट भी मिलेंगे, साथ ही वो अपनी बाइक की बैटरी की स्थिति और म्यूजिक को भी कंट्रोल कर सकेंगे। एक और बड़ा बदलाव जो टॉप वेरिएंट और कॉम्बैट एडिशन में देखने को मिलेगा, वो है USD फ्रंट फोर्क्स। कॉम्बैट एडिशन की बात करें तो इसमें येलो कलर की हाइलाइट्स के साथ ग्रे और ब्लैक पेंट स्कीम दी गई है। ये कलर कॉम्बिनेशन इसे एक स्पोर्टी लुक देता है और इसकी विजुअल अपील को काफी बढ़ाता है।
Karizma XMR 210
करिज्मा XMR में कंपनी ने वही 210cc का लिक्विड-कूल्ड, DOHC इंजन दिया है, जो 9,250 rpm पर 25 bhp की पावर और 7,250 rpm पर 20.4 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। पुराने मॉडल के इंजन की परफॉर्मेंस पीक पर ज्यादा अच्छी थी, जबकि मिड-रेंज में थोड़ी कमी महसूस होती थी। हीरो ने 2025 मॉडल पर अपने इंजन की मैपिंग पर काम किया है या नहीं, ये तो इस मोटरसाइकिल के टेस्ट और रिव्यू आने के बाद ही पता चलेगा।
फरवरी 2025 में हीरो करिज्मा 210 की बिक्री रही शून्य
जहां एक तरफ हीरो स्प्लेंडर जैसी बाइक्स को फरवरी 2025 में 2 लाख से ज्यादा ग्राहक मिले, वहीं कंपनी की धांसू मोटरसाइकिल हीरो करिज्मा 210 को इस दौरान निराशा हाथ लगी। दरअसल, फरवरी 2025 में करिज्मा 210 का एक भी यूनिट नहीं बिका। जबकि ठीक एक साल पहले यानी फरवरी 2024 में करिज्मा 210 को कुल 2,128 लोगों ने खरीदा था। इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात ये है कि नवंबर 2024 के बाद से इस मोटरसाइकिल की एक भी यूनिट नहीं बिकी है।