गर्मी के मौसम में लोगों को खाना खाने से ज्यादा फल खाने अच्छे लगते हैं, जिससे आपके शरीर में ठंडक रहती है और आप सारे दिन रिफ्रेश रहते हैं। इस मौसम में कई तरह के फल आते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा डिमांड फलों के राजा आम और तरबूज की रहती है।

इस मौसम के फलों का इंतजार लोगों को बेसब्री से रहता है। लेकिन क्या आपको पता हैं कि एक ऐसा भी फल है जो सिर्फ इसी मौसम में मुश्किल से 10 से 20 दिन तक मिलता है। लेकिन ऐसे कई लोग हैं जो इस फल को जानते तक नहीं हैं।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह फल देखने में बेर के आकार और रंग का होता है, इसका नाम फालसा है। आपने इस फल को मार्केट कपड़े से छुपाकर बेचते हुए देखा होगा, क्योंकि इस फल को धूप से बचाने के लिए कपड़े से ढक कर रखा जाता है। ये फल बहुत जल्दी यानी की एक या दो दिन में खराब हो जाता है।

फालसा पोषक तत्वों का खजाना

इस फल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसको खाते ही बॉडी में ताकत और ठंडक आ जाती है। इसके अलावा इस फल में कई तरह के पोषक तत्वों का खजाना भी छुपा होता है। फालसा का स्वाद एकदम खट्टा मीठा होता है और खासकर महिलाओं को ये फल खाना बहुत ज्यादा पसंद होता है।
सेब और अनार से भी महंगा होता है फालसा

एक-दो दिन की मियाद होने के कारण ही इसकी कीमत ज्यादा होती है। ये भाव के मामले में सेब और अनार को भी फेल कर देता है। करौली में इस समय यह फालसा 240 रुपए किलों के भाव से बिक रहा है। फालसा हर साल महंगा ही बिकता है।

फालसा के औषधिय गुण

आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. उमेश शर्मा के अनुसार ठंडक के साथ-साथ फालसा में कई तरह के औषधीय गुण पाये जाते हैं। इसमें सबसे ज्यादा मात्रा में विटामिन-सी पाया जाता और इसके अलावा मैग्नीशियम, पोटेशियम, कार्बोहाइड्रेट और आयरन भी भरपूर मात्रा में होता है। डायबिटीज के मरीजों के लिए यह फल काफी फायदेमंद होता है और इससे ब्लड शुगर भी नियंत्रण रहता है। इसको खाने से शरीर में ठंडक का एहसास रहता है।