नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग की ज़बरदस्त सफलता के बाद अब सभी की निगाहें वुमन प्रीमियर लीग पर लगी हैं। इस  महासंग्राम के लिए टीमों के साथ कप्तानों की भी घोषणा होने लगी है। बीते दिनों नीता अंबानी की टीम मुंबई इंडियंस ने भी अपने नए कप्तान की घोषणा कर दी है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार प्लेयर हरमनप्रीत कौर इस टीम की कमान संभालने वाली हैं।

हरमनप्रीत के कांधों पर बड़ी जिम्मेदारी

वुमन प्रीमियर लीग के पहले सीजन की शुरुआत से पहले मुंबई इंडियंस टीम की कमान भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर के जिम्मे सौंपी गई है। आपको बतादें हरमनप्रीत कौर बीते दिनों संपन्न हुए महिला टी20 विश्व कप 2023 में भारतीय टीम का नेतृत्व कर रही थीं। और वे 150 टी20 मैच खेलने वाली पहली महिला खिलाड़ी भी बन गई हैं। हरमनप्रीत ने महिला विश्व कप के नॉकआउट राउंड में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वी खिलाड़ी रही हैं। इतना ही नहीं उनके नाम एक और ज़बरदस्त रिकॉर्ड रहा है, साल 2017 में महिला वनडे विश्वकप के सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बिना आउट हुए उन्होंने 171 रन की शानदार पारी खेली थी।

मुंबई इंडियंस ने कप्तान का किया ऐलान

मुंबई इंडियंस टीम ने आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि, “हम हरमनप्रीत को मुंबई इंडियंस की पहली महिला क्रिकेट टीम की कप्तान के रूप में पाकर रोमांचित हैं। राष्ट्रीय कप्तान के रूप में, उन्होंने भारतीय महिला टीम को उनकी सबसे रोमांचक जीत में से कुछ का नेतृत्व किया है।” उन्होंने कहा कि “मुझे यकीन है कि चार्लोट और झूलन के समर्थन के साथ, वह हमारी एमआई महिला टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने और गौरव दिलाने के लिए प्रेरित करेंगी।“

कई दिग्गज टीम में शामिल

हरमनप्रीत मुंबई इंडियंस की मौजूदा प्रमुख कोच चार्लोट एडवर्डस के खिलाफ खेल चुकी हैं। इतना ही नहीं वे कप्तानी मेंटर और गेंदबाजी कोच झूलन गोस्वामी के साथ भी खेल चुकी हैं। वह दुनिया के अन्य हिस्सों में टी20 लीग में खेलने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर भी हैं। झूलन और चार्लोट के अलावा, मुंबई में क्रमश: देविका पलशिकर और लिडिया ग्रीनवे भी बल्लेबाजी और फील्डिंग कोच के तौर पर अपनी सेवाएं दे रही हैं। हरमनप्रीत अब एक ऐसी टीम का नेतृत्व करेंगी, जिसमें महिला क्रिकेट के कुछ सबसे बड़े नाम और युवा स्टार खिलाड़ी शामिल हैं।