भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आतंकवादियों को पाकिस्तान में घुसकर मारने की टिप्पणी पर पड़ोसी मुल्क भड़का हुआ है। अब इस मामले में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने राजनाथ सिंह की टिप्पणी को भड़काऊ और अदूरदर्शी कहा है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत की तरफ से किए गए इस तरह के बयान से सिर्फ भविष्य में जुड़ाव की संभावनाओं बाधित होंगी। इसके बाद पाकिस्तान ने कहा कि हमने हमेशा शांति के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दिखाया है और ये भी कहा कि इतिहास पाकिस्तान के दृढ़ संकल्प और खुद की रक्षा करने की क्षमता की भी गवाही देता है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की तरफ से यह बयान राजनाथ सिंह की उस टिप्पणी के बाद दिया था। राजनाथ सिंह ने आतंकवादियों को “मुंहतोड़ जवाब” देने की भी चेतावनी दी थी। उन्होंने यह भी कहा था कि भारत सरकार आतंकवादियों को छोड़ेगी नहीं, भले ही वो देश की शांति भंग करने का प्रयास करने के बाद वापस पाकिस्तान में भाग जाएं।

उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि यदि कोई आतंकवादी देश की शांति भंग करने की कोशिश करेगा तो हम उसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। यदि वो आतंकवादी पाकिस्तान भाग भी गए तो उनको पाकिस्तान में घुस के मारेंगे।

रक्षामंत्री ने इस मामले पर कहा कि भारत ने कभी भी किसी देश पर हमला नहीं किया है और किसी के क्षेत्र पर कब्जा करने की कोशिश भी नहीं की है। यदि कोई भारत या उसकी शांति को खतरा पहुंचाने की कोशिश करेगा तो उनको बख्शा नहीं जाएगा।

राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि भारत ने कभी किसी दूसरे देश के क्षेत्र पर कब्जा करने की कोशिश नहीं की है। ये भारत का चरित्र है, लेकिन यदि भारत को कोई आंख दिखाएगा, यहां आ कर आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश करेगा, तो वो बचेगा नहीं।
यदि कोई भारत या उसकी शांति को खतरा पहुंचाता है, तो उसको बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने जो भी कहा है वह बिल्कुल सच है, भारत एक शक्तिशाली राष्ट्र है और अब पाकिस्तान भी इस बात को समझने लगा है।