‘चिट्ठी ना कोई संदेश…’ गजल गायक पंकज उधास का आज 72 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह काफी समय से एक बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी फैमिली ने एक स्टेटमेंट जारी करते हुए उनके निधन की खबर दी है।

उन्होंने स्टेटमेंट में लिखा है- ‘बहुत भारी मन से, हम आपको लंबी बीमारी के चलते 26 फरवरी 2024 को पद्मश्री पंकज उधास के दुखद निधन की जानकारी देते हुए बहुत दुखी हैं।’

लेजेंडरी गजल गायक पंकज किस बीमारी से जूझ रहे थे इसके बारें में अभी कोई जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।’ बता दें कि उनकी मौत आज सुबह 11 बजे मुंबई में हुई थी। पिछले कुछ समय से वह मुंबई के ब्रीच क्रैंडी अस्पताल में एडमिट थे।

इसी अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली थी, लेकिन सूत्रों के अनुसार पंकज उधास को कुछ महीने पहले कैंसर डिटेक्ट हुआ था और वह पिछले कुछ महीनों से वह किसी से नहीं मिल रहे थे। कल उनका अंतिम संस्कार मुंबई में किया जाएगा।

कैंसर से जूझ रहे थे पंकज उधास
अनूप जलोटा ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए इस बात की जानकारी दी थी कि पंकज उधास को पैंक्रियाज का कैंसर था और उनको चार महीने पहले इसके बारे में पता चला था।

पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंकज उधास के निधन पर शोक जाहिर करते हुए एक्स पर दिवंगत सिंगर के साथ कुछ फोटोज शेयर करके उनको श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा- ‘हम पंकज उधास जी के निधन पर शोक जाहिर करते हैं, जिनकी गायिकी कई तरह की भावनाओं को जाहिर करती थीं और जिनकी गजलें सीधे आत्मा से बात करती थीं, वह भारतीय संगीत के एक प्रकाश स्तंभ थे, जिनकी धुनें पीढ़ियों से चली आ रही थीं। मुझको पिछले कुछ सालों में उनके साथ अपनी अलग-अलग बातचीत याद हैं। उनके जाने से संगीत जगत में एक खालीपन आ गया है जिसे कभी नहीं भरा जा सकेगा। उनके परिवार और फैंस के लिए संवेदनाएं। ओम शांति!’