MP News: मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दोस्त की बेरहम हंसी-मज़ाक ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। डिंडौरी के कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़रिया छांटा गांव में रहने वाले 35 वर्षीय राजेंद्र बरौतिया को उनके ही पड़ोसी दोस्त ने रसगुल्ला बताकर सुअर मारने वाला देसी बम खिला दिया। जैसे ही राजेंद्र ने उसे मुंह में रखकर चबाया, उनके मुंह में जोरदार धमाका हो गया, जिससे इलाज के दौरान उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना बीते मंगलवार 10 नवंबर की शाम की है, जब राजेंद्र अपने घर के आंगन में पत्नी, बच्चे और नानी के साथ आग ताप रहे थे। इसी दौरान उनका पड़ोसी रामभगत सिंह वहां पहुंचा और दीपावली के त्योहार का हवाला देते हुए एक छोटी गेंद के आकार की वस्तु को रसगुल्ला बताकर खाने को कहा। राजेंद्र की पत्नी सुशीला बाई ने बताया कि जैसे ही उनके पति ने उसे मुंह में डाला, अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे उनका जबड़ा फट गया और उनका चेहरा एक सेकंड में पहचानना भी मुश्किल हो गया।
परिजन आनन-फानन में उन्हें ऑटो से डिंडौरी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान राजेंद्र की सांसें थम गईं। अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिससे उनकी पत्नी और मासूम बच्चा बेसहारा हो गए हैं। इस भयावह हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें रसगुल्ले के नाम पर बम थमाने वाला रामभगत सिंह और वह व्यक्ति शामिल है जिसे यह विस्फोटक जंगल में मिला था। डिंडौरी कोतवाली के थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे के अनुसार, शुरुआती जांच में आरोपियों और मृतक के बीच किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि खतरनाक विस्फोटक जंगल में कहां से आया था।