जयपुर के रामगंज में एक निर्माणाधीन इमारत गिरने के बाद अब नगर निगम प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। नगर निगम आयुक्त अभिषेक सुराणा ने निगम के सभी जोन उपायुक्त को निर्देश दिया है कि वह लोग अपने-अपने क्षेत्र के अवैध निर्माण का सर्वे करें। इसके साथ ही डीटेल में इसकी रिपोर्ट भी मांगी गई है।

बता दें कि हेरिटेज नगर निगम क्षेत्र में नियमों के विपरीत जो भी घर और दुकान हैं, उनके खिलाफ नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद ही उनको ध्वस्त किया जाएगा। इसके अलावा जिन्होंने भी नोटिस जारी होने के बाद भी अवैध निर्माण किया हुआ, उनके निर्माण को तोड़ दिया जाएगा।

इसके बाद ही नगर निगम हेरिटेज के आयुक्त अभिषेक सुराणा ने निगम अधिकारियों के रिव्यू के लिए बैठक बुलाई थी। इस बैठक में अवैध निर्माण के साथ स्वच्छता सर्वेक्षण और नगर निगम के कामकाज को लेकर चर्चा की गई थी। जिसमें सुराणा ने शहर में खाली प्लॉट में फैली गंदगी को लेकर भी चर्चा की।

5 साल से खाली प्लॉट पर एक्शन
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कचरा डिपो के हटने के बाद से अब शहर में कई इलाकों में खाली प्लॉट में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जिन लोगों के पिछले 5 साल या उससे ज्यादा समय के प्लॉट खाली हैं, उनके खिलाफ नोटिस जारी करके जल्द ही निर्माण करने के निर्देश दे दिए हैं। यदि ऐसा नहीं हुआ तो संबंधित विभाग को पत्र लिखकर उनके अलॉटमेंट को निरस्त करने की मांग की जाएगी।

नाले की सफाई के निर्देश
इस बैठक में सुराणा ने बारिश के मौसम आने से पहले शहरों के नालों की साफ- सफाई के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस पर कहा कि अत्याधुनिक मशीनों की सहायता से बड़े नालों की सफाई करवाएं। आने वाले बारिश के समय में सड़कों पर पानी इकट्ठा होने से आम जनता को परेशानी ना हो इसका भी ख्याल रखा जाए।

इसके अलावा उन्होंने शहर के 172 जगहों में कचरा डिपो हटाने पर नगर निगम कर्मचारियों की हौसला अफजाई भी की। इसके बाद उन्होंने कहा कि अब वार्ड की गलीयों में की गई साफ और सफाई बनाने वाले नगर निगम के कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।