Rajasthan Today Weather: राजस्थान में मानसून फिलहाल सक्रिय बना हुआ है, लेकिन आईएमडी के अनुसार अगले 24 घंटों में मौसमी सिस्टम कमजोर होने लगेगा. दक्षिण-पूर्व राजस्थान पर बना वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया अब दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर सामान्य लो प्रेशर एरिया में बदल चुका है. इसके बावजूद इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किमी तक फैला हुआ है और मानसून ट्रफ जैसलमेर से मणिपुर तक गुजर रही है. रविवार को जालौर, पाली और सिरोही समेत पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है. वहीं जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग में भी कई स्थानों पर बारिश जारी रहेगी. आईएमडी का अनुमान है कि 3 अगस्त से मानसून ट्रफ उत्तर की ओर शिफ्ट होगी, जिससे दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में बारिश कमजोर पड़ेगी, जबकि बीकानेर, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर क्षेत्र में 5 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है.
Rajasthan Aaj ka Mausam: राजस्थान में मानसून का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले 24 घंटे के बाद बारिश धीरे-धीरे कम होने लगेगी. आईएमडी के अनुसार दक्षिण-पूर्व राजस्थान और आसपास बना लो प्रेशर एरिया कमजोर होकर अब दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास शिफ्ट हो गया है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है. आईएमडी का अनुमान है कि यह सिस्टम अगले 24 घंटे में और कमजोर होगा, लेकिन इसके प्रभाव से रविवार तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रह सकती है.
जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार मानसून ट्रफ फिलहाल जैसलमेर से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान स्थित लो प्रेशर एरिया, बांदा, डेहरी और मालदा होते हुए मणिपुर तक गुजर रही है. इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पूर्व बिहार तक एक ट्रफ भी सक्रिय है, जो उत्तरी मध्य प्रदेश और दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से होकर 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है. वहीं दक्षिण-पूर्व हिमाचल प्रदेश पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण तथा हिमाचल प्रदेश पर पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय बना हुआ है. राज्य में शनिवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान फलोदी में 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई.
सिरोही, जालौर और पाली में बारिश का ऑरेज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने सिरोही, जालौर और पाली जिलों में भारी से अति भारी बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, सलूंबर, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, उदयपुर, बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, डीडवाना-कुचामन, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर और फलोदी में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
बाड़मेर-बालोतरा सहित इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 2 अगस्त तक बाड़मेर, बालोतरा, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर और पश्चिमी नागौर में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है. धोरीमन्ना, चौहटन, शिव, गडरा रोड, पोकरण, शेरगढ़, ओसियां, फलोदी और कोलायत क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. नागौर के खींवसर, कुचेरा, मेड़ता, डेगाना और मूंडवा क्षेत्र में भी अच्छी बारिश के आसार बने हुए हैं.