India

पाकिस्तान ने PoK में LoC पर 50 एंटी ड्रोन यूनिट लगाईं, भारत के खिलाफ बनाई रणनिती

पाकिस्तान ने PoK में LoC पर 50 एंटी ड्रोन यूनिट लगाईं, भारत के खिलाफ बनाई रणनिती

भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में करारी शिकस्त खाने के बाद पाकिस्तान अपनी सैन्य रणनीति में बड़ा बदलाव कर रहा है। पाकिस्तान अब पारंपरिक युद्ध की बजाय ड्रोन और आधुनिक तकनीक पर पूरी तरह फोकस कर रहा है। पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर के नए प्लान के तहत ड्रोन वारफेयर को सेना की ‘फर्स्ट लाइन ऑफ डिफेंस और फर्स्ट लाइन ऑफ अटैक’ बना दिया गया है। इसी रणनीति के तहत पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) के सामने अपने इलाकों में 50 से अधिक स्पेशल एंटी-ड्रोन यूनिट्स तैनात कर दी हैं, जिनमें अकेले नवंबर महीने में ही 20 नई यूनिट्स जोड़ी गई हैं।

पुंछ और राजौरी सेक्टर के सामने कड़ी तैनाती

पाकिस्तान ने अपने इन नए एंटी-ड्रोन सिस्टम्स को विशेष रूप से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के रावलकोट, कोटली और भिंबर सेक्टर में तैनात किया है। इन यूनिट्स की तैनाती में पाकिस्तानी सेना की 12वीं और 23वीं इन्फैंट्री डिवीजन अहम भूमिका निभा रही हैं।

रावलकोट में दूसरी, कोटली में तीसरी और भीमबर में सातवीं ‘आजाद कश्मीर ब्रिगेड’ को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह सभी इलाके भारतीय सेना के पुंछ, राजौरी, नौशेरा और सुंदरबनी सेक्टर के बिल्कुल सामने स्थित हैं।

इन यूनिट्स का मुख्य उद्देश्य भारतीय ड्रोन और लोइटरिंग म्यूनिशन की गतिविधियों पर पैनी नजर रखना और जरूरत पड़ने पर उन्हें हवा में ही निष्क्रिय करना है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और चीन-तुर्किये के हथियारों पर जोर
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी सेना में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक सर्विलांस तकनीक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ाया जा रहा है। कैमरों और सेंसर्स से मिलने वाले डेटा का रियल-टाइम एनालिसिस करने के लिए AI की मदद ली जा रही है।

अपनी ताकत को बढ़ाने के लिए पाकिस्तान ने चीन और तुर्किये से बड़े पैमाने पर आधुनिक डिफेंस सिस्टम खरीदे हैं:

चीन और तुर्किये के हथियार: पाकिस्तान ने चीन से ‘HQ-17AE’ शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम और तुर्किये से ‘कोरकुट’ एंटी-एयरक्राफ्ट गन व ‘एहिन’ काउंटर-ड्रोन सिस्टम मंगवाए हैं। इसके अलावा 35mm आइजलिकॉन एंटी-एयरक्राफ्ट गन और ‘एंजा एमके 2’ मिसाइलें भी उसके एयर डिफेंस का हिस्सा बन चुकी हैं।

स्पाइडर और सफरा सिस्टम: LoC पर ड्रोन रोकने के लिए ‘स्पाइडर’ (रेडियो फ्रिक्वेंसी डिटेक्शन सिस्टम, रेंज 10 किमी) और पोर्टेबल ड्रोन जैमिंग गन ‘सफरा’ (रेंज 15 किमी) को भी शामिल किया गया है, जो ड्रोन के जीपीएस और वीडियो सिग्नल को बाधित कर सकते हैं।

अलग यूएवी कोर का गठन: पाकिस्तान सेना अब ड्रोन संचालन और तकनीकी विकास को संस्थागत रूप देने के लिए एक अलग ‘यूएवी कोर’ बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।

चीनी नेविगेशन सिस्टम ‘बाइदो’ का इस्तेमाल

पाकिस्तान अपने सैन्य ड्रोन्स और मिसाइलों की सटीकता बढ़ाने के लिए अमेरिकी जीपीएस के विकल्प के तौर पर चीन के सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम ‘बाइदो’ (Baidu) का इस्तेमाल कर रहा है। साल 2020 में इसे अपनाने के बाद से पाकिस्तान ने अपने सैन्य ड्रोन्स, जेएफ-17 लड़ाकू विमानों, मिसाइल गाइडेंस और नौसैनिक प्रणालियों को इसी से जोड़ा है। इसकी मदद से ड्रोन बिना किसी रुकावट के अपनी सटीक जियो-लोकेशन का पता लगाते हुए तय रास्तों पर उड़ान भरते हैं।

NSG कमांडो की बदलेगी वर्दी, 44°C गर्मी बना वजह

दूसरी ओर, भारत में अपनी वीआईपी सुरक्षा के लिए मशहूर नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) यानी ‘ब्लैक कैट कमांडो’ की पारंपरिक काली वर्दी जल्द ही बदलने जा रही है। अत्यधिक गर्मी और तापमान के कारण हाल ही में एक जवान के 44 डिग्री सेल्सियस तापमान में बेहोश होने के बाद यह अहम फैसला लिया गया है।

एनएसजी ने देश के अलग-अलग हिस्सों में वीआईपी ड्यूटी पर तैनात कमांडो के लिए हल्की और हवादार (Breathable) नई यूनिफॉर्म तैयार करने की सिफारिश की है। देश के कई राज्यों में आने वाले चुनावों को देखते हुए कमांडो को जल्द ही यह नई और आरामदायक वर्दी मिलने की उम्मीद है।

Verified Source Google News tazahindisamachar.com ✓ Trusted
gajendra sharma

ताज़ा हिंदी समाचार 2014 से हिंदी मीडिया जगत…