Weather Alert Rajasthan News: जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मानसून की एंट्री को लेकर राहतभरी खबर सामने आ रही है। माना जा रहा है कि इस बार राजस्थान में मानसून तय समय से पहले दस्तक दे सकता है। वैसे तो राजस्थान में मानसून 25 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार मानसून की 5 दिन पहले पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। तय समय से पहले बारिश होने से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी और किसानों के लिए वरदान साबित होगी।
दरअसल, मौसम विभाग के नए पूर्वानुमान के अनुसार इस बार मानसून 1 जून की सामान्य तिथि से 5 दिन पहले 26 मई को केरल तट पर पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मौसम प्रणालियां मानसून की प्रगति के अनुकूल बनी है। ऐसे में 24 घंटे के अंदर दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर व अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मानसून की प्रगति होगी।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में मॉडल त्रुटि के 4 दिन कम और 4 दिन ज्यादा की संभावना भी बताई है। हालांकि, पिछले 21 साल में (2005-2025) के दौरान केरल में मानसून आगमन को लेकर आइएमडी के 2015 को छोड़कर सभी पूर्वानुमान सही साबित हुए हैं। अगर केरल तट पर मानसून 5 दिन पहले पहुंचता है तो साफ है कि राजस्थान में भी 5 दिन पहले यानी 20 जून से बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। पिछले 6 साल की बात करें तो सिर्फ एक बार ही साल 2022 में ऐसा रहा, जब राजस्थान में मानसून की समय से 5 दिन लेट एंट्री हुई थी।